July 27, 2024

News Headlines(27 January 2024): आज की ताजा खबरें और समाचार हिंदी में

News Headlines(27 January 2024): आज की ताजा खबरें और समाचार हिंदी में_Daily Shorts Hindi News

एशियन गेम्स की विजेताओं को CM योगी ने दिया अवार्ड

एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रोत्साहन राशि दी। 189 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 62 करोड़ का पुरस्कार दिया। इस दौरान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।

यूपी में ‘मिशन 80’ को लेकर भाजपा की बड़ी बैठक

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा उत्तर प्रदेश में सभी सीटों पर जीत के लिए ‘मिशन 80’ पर तेजी से कम कर रही है। इसके लिए बीजेपी ‘गांव चलो अभियान’ चलाएगी। जिसके लिए बीजेपी की लखनऊ में बड़ी बैठक हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और अभियान जिला संयोजक मौजूद रहे। यह बैठक सुबह 11:00 बजे विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में हुई।

भारतीय औषधि अनुसंधान के पुरोधा पद्मश्री डॉ नित्यानंद का निधन

देश के जाने-माने वैज्ञानिक और भारतीय औषधि अनुसंधान के क्षेत्र के पुरोधा पद्मश्री डॉ नित्यानंद का शनिवार की सुबह हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनका निधन वैज्ञानिक जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

बिहार में राजनीतिक हलचल के बीच तेजस्वी यादव का बड़ा बयान

बिहार की सियासी हलचल के बीच तेजस्वी यादव का बड़ा बयान आया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि आसानी से तख्तापलट नहीं होने देंगे। इतनी आसानी से ताजपोशी नहीं होने देंगे। आज तेजस्वी यादव ने विधानमंडल दल की बैठक भी बुलाई है।

मराठा नेता मनोज जारंगे ने तोड़ा अनशन

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन का मामला सुलझ गया है। मराठा नेता मनोज जारंगे पाटिल ने अपना अनशन खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मराठा नेता मनोज जारंगे को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया।

बिहार में राजनीतिक संकट के बीच बीजेपी ने पटना में शाम को बुलाई बैठक

बिहार में राजनीतिक संकट के बीच पार्टियों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि बिहार विधानसभा भंग करवा कर लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव करवाने के विकल्प को बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व पहले ही नकार चुका है। वहीं भाजपा और जेडीयू दोनों ने अपने विधायकों की अलग-अलग बैठक बुलाई है।

केजरीवाल का बीजेपी पर बड़ा आरोप

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए एक ट्वीट कर कहा कि “7विधायकों से बीजेपी ने संपर्क किया है। विधायकों से कहा कि 21 विधायकों से बातचीत हुई। मुझे जेल में डालकर AAP की सरकार गिराएंगे।”

लोकसभा चुनाव से पहले यूपी और उत्तराखंड में बीजेपी प्रभारी के नाम का ऐलान

शनिवार को भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले 23 राज्यों के नए प्रभारी के नाम का ऐलान कर दिया है। इसकी सूची जारी कर दी गई है। पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी नए प्रभारी के नाम का ऐलान कर दिया गया है। वैजयंत जयपांडा यूपी का और दुष्यंत गौतम को उत्तराखंड का चुनाव प्रभारी बनाया गया है।

यूपी एटीएस ने जाली मुद्रा की तस्करी करने वाले दो बदमाशों को किया गिरफ्तार

यूपी एटीएस ने वाराणसी- आजमगढ़ मार्ग स्थित सोयेपुर से भारतीय जाली मुद्रा 97,500 के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जाली नोट बांग्लादेश में छपते थे।

सपा और कांग्रेस में सीटों को लेकर बनी सहमति

इंडी गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर लंबे समय से चल रही तकरार खत्म हो गई है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि “कांग्रेस के साथ 11 मजबूत सीटों से सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। यह सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा।

कलियुगी बेटे ने की मां की हत्या

देहरादून के प्रेम नगर में एक कलियुगी बेटे ने मां की गला घोट कर हत्या कर दी है। मृतका चंद्रा देवी अपने बेटे और पति के साथ प्रेम नगर स्पेशल विंग में थी। हत्याकांड के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हत्यारे बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Read Latest News In Hindi: https://janpanchayat.com/category/short-news-janpanchayat/