July 27, 2024

News Headlines (29 December 2023): आज की ताजा खबरें और समाचार हिंदी में

Daily Hindi News Headlines:

News Headlines (29 December 2023): आज की ताजा खबरें और समाचार हिंदी में

अयोध्या में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा के मद्देनजर सड़कों पर उतरे कमांडो

प्रधानमंत्री 30 दिसंबर को अयोध्या आ रहे हैं, जिसे लेकर अयोध्या में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। अयोध्या की सड़कों पर ब्लैक कमांडो की तैनाती बढ़ गई है। अयोध्या के महत्वपूर्ण रास्तों को ब्लॉक कर दिया गया है। जगह-जगह बैरिकेटिंग करके जांच की जा रही है। चप्पे चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात है।

ललन सिंह ने JDU अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, नीतीश होंगे जदयू के अध्यक्ष

दिल्ली में आज जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लल्लन सिंह ने जदयू अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार लल्लन सिंह ने दिल्ली के जदयू कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अब जदयू अध्यक्ष की जिम्मेदारी नीतीश कुमार संभालेंगे। ललन सिंह के इस्तीफा सौंपने के साथ ही जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक समाप्त हो गई।

प्रशांत कुमार बने UP पुलिस के नए DG

उत्तर प्रदेश के SDG लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार के प्रमोशन का आदेश जारी हो गया है। प्रशांत को यूपी का नया डीजी बनाया गया है। 1 जनवरी के बाद वह डीजी का कार्यभार संभालेंगे। राज्यपाल ने उनके नाम पर सहर्ष मंजूरी दे दी है।

असम में दशकों पुराने उग्रवाद का अंत

असम में आज दशकों पुराने संघर्ष का अंत हो जाएगा। आज केंद्र और असम सरकार के साथ युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम यानी उल्फा के बीच एक त्रिपक्षीय शांति समझौता होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शाम 5:00 बजे इस समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस दौरान भारत सरकार और असम सरकार के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

पेट्रोल डीजल के दाम होंगे 10 रुपए तक सस्ते

केंद्र सरकार लोकसभा चुनाव के पहले आम लोगों को बड़ी राहत देने की तैयारी कर रही है। केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम में ₹6 से लेकर ₹10 प्रति लीटर की कटौती कर सकती है।

यूपी पुलिस में निकली एक और भर्ती

यूपी पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के 921 पदों के लिए भर्ती निकली है। इसके लिए 7 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा। पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने यह कार्यक्रम जारी किया है। इस भर्ती में गोपनीय और लेखा विभाग में सब इंस्पेक्टर और सहायक सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती हो रही है। भर्ती में 400 अंकों की ऑनलाइन लिखित परीक्षा कराई जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक मानक परीक्षण होगा। साथ ही कंप्यूटर टाइपिंग और शॉर्ट हैंड की भी भर्ती होगी।

महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने मदरसों को 10 लख रुपए देने का किया ऐलान

लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र सरकार ने मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने के लिए बड़ा ऐलान किया है। महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने राज्य में सभी रजिस्टर्ड मदरसों को 10 लख रुपए आर्थिक सहायता के तौर पर देने का फैसला किया है। यह पैसा मदरसों के आधुनिकीकरण पर खर्च होगा। यह पैसा उन्हीं मदरसों को मिलेगा जो वक्फ बोर्ड के साथ रजिस्टर्ड होंगे।

दूरसंचार इंजीनियरिंग केंद्र की स्वैच्छिक प्रमाणन योजना के तहत अनुमोदन प्रमाण पत्र और प्रौद्योगिकी अनुमोदन के ऑनलाइन मॉड्यूल का शुभारंभ

डिजिटल संचार आयोग के सदस्य एके साहू ने दूरसंचार विभाग की तकनीकी शाखा, दूर संचार इंजीनियरिंग केंद्र की शैक्षिक प्रमाणन योजना के तहत अनुमोदन प्रमाण पत्र और प्रौद्योगिकी अनुमोदन के ऑनलाइन मॉड्यूल लॉन्च किये हैं। सीडीओटी द्वारा विकसित मॉड्यूल का उद्देश्य व्यापार करने में आसानी को बढ़ाना और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देना है।

गोरखपुर में कच्ची शराब के तस्करों पर कार्यवाही

गोरखपुर में आबकारी विभाग की कार्यवाही कच्ची शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार जारी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग द्वारा चौरी चौरा इलाके के इब्राहिमपुर और ढोलहा में कच्ची शराब के अड्डे पर छापेमारी की गई। इस दौरान 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

लखनऊ में सहारा ग्रुप का ऑफिस सील

सदर तहसील की टीम ने बृहस्पतिवार को सहारा ग्रुप का दफ्तर सील कर दिया। रेरा की ओर से जारी है बकायेदारों की सूची में सहारा ग्रुप का नाम भी शामिल है। सहारा ग्रुप को कई बार नोटिस भेज कर बकाया जमा करने के लिए कहा गया था। लेकिन कंपनी द्वारा रकम नहीं दी दी गई।

बीते 24 घंटे में कोरोना के 797 नए मामले

देश में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के कुल 797 नए मामले मिले हैं जो बीते 7 महीने में एक दिन में मिले मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

नवी मुंबई की फैक्ट्री में भीषण आग से हड़कंप

नवी मुंबई के तलोजा इंडस्ट्रियल एस्टेट की एक फैक्ट्री में कल रात भीषण आग लग गई। आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।

Read Latest News In Hindi: https://janpanchayat.com/category/short-news-janpanchayat/