July 27, 2024

सपा के गढ़ मैनपुरी में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह की क्या है चुनौती ?: Mainpuri Lok Sabha Election 2024

सपा के गढ़ मैनपुरी में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह की क्या है चुनौती ?: Mainpuri Lok Sabha Election 2024

Mainpuri Lok Sabha Election 2024: बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने यूपी की 7 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इस सूची में उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट Mainpuri का भी नाम है। सपा का गढ़ होने के कारण मैनपुरी हमेशा से हॉट सीट रही है। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से चुनाव लड़ती रहे हैं और अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैनपुरी से चुनावी मैदान में है। डिंपल यादव के खिलाफ भाजपा ने जयवीर सिंह को टिकट दिया है।

आईए जानते हैं कौन है जयवीर सिंह? और क्या है उनकी चुनौतियां?

कौन है जयवीर सिंह (Who is Jaiveer Singh) ?

मैनपुरी में डिंपल यादव के खिलाफ भाजपा से टिकट पाने वाले जयवीर सिंह योगी सरकार में मंत्री हैं। जयवीर सिंह का मैनपुरी से 2002 से नाता रहा है। जयवीर सिंह 2002 और 2007 में घिरोर विधानसभा क्षेत्र से बसपा से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2003 में जयवीर सिंह चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री बने। जयवीर सिंह जब 2007 में दोबारा विधायक बने तो बसपा सरकार ने उन्हें सिंचाई यांत्रिक विभाग का राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया।

2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर मैनपुरी की सदर विधानसभा से जीत हासिल की थी। जयवीर सिंह ने सपा के दो बार विधायक रह चुके राजकुमार यादव को हराकर मैनपुरी में सपा के वर्चस्व को तोड़कर मुकाबले में जीत हासिल की थी और वर्तमान में जयवीर सिंह योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन्हें मैनपुरी लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।

सपा के गढ़ में डिंपल यादव को हराने की चुनौती

1996 के बाद से मैनपुरी लोकसभा सीट सपा का गढ़ बन चुकी है। 1996 से यहां सपा प्रत्याशी ही जीतते रहे हैं। यहां तक की 2014 और 2019 की मोदी लहर में भी सपा ने ही जीत दर्ज की थी। 2022 में मुलायम सिंह के निधन के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने मैनपुरी सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। सपा के गढ़ में सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराने की चुनौती जयवीर सिंह के सामने है। लंबे अंतराल के बाद भाजपा ने क्षत्रिय चेहरे को चुनावी मैदान में उतारा है। अब देखना यह है कि जयवीर सिंह डिंपल यादव को हराकर मैनपुरी में सपा के वर्चस्व को तोड़ पाते हैं या नहीं।

डिंपल यादव जयवीर सिंह को नहीं मानती चुनौती

मैनपुरी सपा सांसद और मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव से जब जनसभा के दौरान जयवीर सिंह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बड़ी सरलता से कहा कि मैनपुरी से जयवीर सिंह का प्रत्याशी होना अच्छी बात है, क्योंकि जयवीर सिंह सपा के लिए कोई चुनौती नहीं है।