July 27, 2024

भाजपा की 10th सूची जारी, कई मौजूदा सांसदों का कटा टिकट: BJP 10th Candidate List, Lok Sabha Election 2024

भाजपा की 10th सूची जारी, कई मौजूदा सांसदों का कटा टिकट: BJP 10th Candidate List, Lok Sabha Election 2024

BJP 10th Candidate List, Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दसवीं सूची जारी कर दी है। कुल 9 उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश के सात उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। वही चंडीगढ़ और पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है।10वीं सूची में कई मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया गया है।

उत्तर प्रदेश के 7 उम्मीदवारों की घोषणा

भाजपा की दसवीं सूची में उत्तर प्रदेश की सात लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। सूची में पार्टी ने बलिया से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। नीरज शेखर वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। बलिया से मौजूदा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काट दिया गया है। वहीं मैनपुरी से भाजपा ने डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह को टिकट दिया है।

प्रयागराज के दो मौजूदा सांसदों को नहीं दिया गया टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने प्रयागराज की दोनों सीटों पर मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया है। मौजूदा सांसद केसरी देवी पटेल और रीता बहुगुणा जोशी को इस बार उम्मीदवार नहीं बनाया गया है

इलाहाबाद सीट से दिग्गज नेता केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को मौका दिया गया है। केसरी नाथ त्रिपाठी यूपी विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल थे। जिले की फूलपुर सीट से प्रवीण पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

गाजीपुर में भाजपा ने अफजाल के खिलाफ पारस नाथ राय को उतारा चुनावी मैदान में

गाजीपुर लोकसभा सीट से भाजपा ने पारस नाथ राय को उम्मीदवार बनाया है। अफजाल अंसारी 2019 में बसपा के टिकट से गाजीपुर से चुनाव जीते थे। इस बार वह सपा के उम्मीदवार हैं। अब पारस नाथ राय का मुकाबला अफजाल अंसारी से होगा। वही कौशांबी लोकसभा सीट से एक बार फिर मौजूदा सांसद विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। इसके अतिरिक्त मछली शहर से मौजूदा सांसद बीपी सरोज को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

आसनसोल से पूर्व केंद्रीय मंत्री को टिकट, किरण खेर का कटा टिकट

पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को उम्मीदवार बनाया गया है। पहले आसनसोल से भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को पार्टी ने टिकट दिया था लेकिन पवन सिंह ने टिकट मिलने के 24 घंटे के भीतर ही चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। अब अहलूवालिया को टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ उतारा गया है। अहलूवालिया ने पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की वर्धमान दुर्गापुर सीट से जीत दर्ज की थी। वही चंडीगढ़ से भाजपा ने संजय टंडन पर भरोसा जताया है। चंडीगढ़ की मौजूदा सांसद किरण खेर का टिकट काट दिया गया है। संजय टंडन चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं।